शेखपुरा: जिले के करांडे थाना क्षेत्र में कॉलेज छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।


जानकारी के अनुसार, पीड़िता कॉलेज से साइकिल से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उसका जबरन अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष से जुड़े एक अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़ने का प्रयास कर रही है, जबकि यह अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला है। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी ने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन देने में हुई देरी के कारण प्रारंभिक जांच में कुछ समय लगा। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

