चांडिल में फर्नेस हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, गैलेक्सी एक्सपोर्ट इंगॉट प्लांट के बाहर प्रदर्शन

Spread the love

चांडिल/सरायकेला-खरसावां: चांडिल थाना क्षेत्र के भुयांडीह स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट इंगॉट प्लांट में हुए फर्नेस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के मुख्य द्वार पर जुट गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर पत्थर और बांस लगाकर आवागमन भी बाधित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को प्लांट के अंदर फर्नेस में हुए विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी थी। हादसे के बाद क्षेत्र में धुआं और धूल फैल गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि एक अन्य कर्मचारी सुरक्षित बच गया। घायल कर्मचारियों का इलाज जमशेदपुर के एक अस्पताल में चल रहा है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बार तकनीकी खराबियां और छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने आबादी के बीच संचालित इस उद्योग को लोगों की जान-माल के लिए खतरा बताते हुए प्लांट को आवासीय क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन ने फर्नेस विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।