महुआडांड़ में जल संरक्षण को लेकर बढ़ी चिंता, फटी पाइपलाइन की मरम्मत की मांग तेज

Spread the love

महुआडांड़ (झारखंड) : महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित बिरसा चौक के समीप जलमीनार के पास क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से लगातार हो रही पानी की बर्बादी अब स्थानीय लोगों के बीच चिंता का विषय बन गई है। पिछले कई दिनों से पाइपलाइन फटी होने के कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है, जिससे जल संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता और चिंता दोनों बढ़ी है।

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जहां कई इलाकों में पेयजल की किल्लत बनी रहती है, वहीं इस तरह से पानी का लगातार बहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पाइपलाइन से रिस रहा पानी सड़क पर फैलकर कीचड़ और गंदगी का रूप ले चुका है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का मानना है कि समय रहते यदि मरम्मत कार्य कराया गया, तो पानी की बर्बादी रोकी जा सकती है और आम जनता को राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए इस समस्या पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि “जल बचाओ, जीवन बचाओ” का संदेश जमीनी स्तर पर भी सार्थक हो सके।