चांडिल न्यूज: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के पलाशडीह गांव में अवैध बालू परिवहन एक महिला की जान पर भारी पड़ गया। बुधवार देर रात तेज रफ्तार से जा रहे बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से गांव की निवासी अमोती महतो (50) की मौत हो गई। मृतका स्वर्गीय निवारण महतो की पत्नी थीं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं अवैध बालू परिवहन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मृत्यु हो चुकी थी।
महिला की मौत के बाद गांव में शोक के साथ-साथ नाराजगी का माहौल भी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू परिवहन का कारोबार जारी है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मृतका के घर के सामने तीन ट्रैक्टर पहुंचे थे। इनमें से दो ट्रैक्टरों ने बालू गिराया, जबकि एक ट्रैक्टर बालू लेकर वापस लौट गया। ग्रामीणों ने इस पूरी गतिविधि को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों ने अवैध बालू परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अवैध बालू परिवहन पर समय रहते प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

