बोड़ाम में महिला ने खुद पर कुल्हाड़ी से किया हमला, गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती

Spread the love

बोड़ाम: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के कुइयानी पहाड़िया टोला में बुधवार शाम एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। घायल महिला की पहचान 27 वर्षीय रीता पहाड़िया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, महिला ने कथित रूप से खुद पर कुल्हाड़ी से वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

परिजनों ने बताया कि घटना के समय रीता का पति तपन पहाड़िया मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर था, जबकि उसकी सास रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान किसी बात के बाद रीता घर के अंदर गई और कथित रूप से कुल्हाड़ी उठाकर अपने सिर और गर्दन पर कई वार कर लिए।

आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर उसका भाई भी अस्पताल पहुंच गया।

परिजनों का कहना है कि रीता पिछले कई महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही है और उसका इलाज भी चल रहा था। उनका दावा है कि यह इस प्रकार की दूसरी घटना है।

एमजीएम अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार महिला का इलाज जारी है। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसे एक यूनिट रक्त भी चढ़ाया गया है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।