कोलकाता :अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता इस बार ऐतिहासिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। शहर में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, यह आयोजन “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आधारित होगा और इसे भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।


सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन रेड रोड पर किया जाएगा, जहां हजारों की संख्या में लोग एक साथ योगाभ्यास करेंगे। इस आयोजन में देशभर से आए प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य इसे अब तक के सबसे बड़े योग आयोजनों में शामिल करना है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य और केंद्र स्तर पर लगातार बैठकें हो रही हैं। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक योजना तैयार की गई है। आयोजन के जरिए योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे एक वैश्विक संदेश के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।

