जमशेदपुर: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास की मनमोहक झलक देखने को मिली। विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच 20 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा और शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को याद करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार पर ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के जीवन और अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनके आंदोलन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा पाइका और छऊ नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आदिवासी वीर नायकों के योगदान को प्रदर्शित किया गया। शिक्षा, खेल, साहित्य, फिल्म और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
विभिन्न योजनाओं के तहत छात्रवृत्ति, साइकिल, वन पट्टा, पेंशन स्वीकृति पत्र, श्रवण यंत्र, अनुदान और सोलर पंप समेत कई लाभ लाभुकों को प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को आदिवासी समाज की संस्कृति, वीरता, स्वाभिमान और प्रकृति संरक्षण की परंपरा से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।

