महुआडांड़ में युवा कांग्रेस अध्यक्ष आमिर सुहेल की बकरीद पर शांति और भाईचारे की अपील”

Spread the love

महुआडांड़ (लातेहार): आगामी बकरीद पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहेल ने अनुमंडलवासियों को संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बकरीद कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी को मिलजुलकर मनाना चाहिए।

आमिर सुहेल ने महुआडांड़ की गंगा-जमुनी तहजीब का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, जो पूरे झारखंड के लिए एक मिसाल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस परंपरा को बनाए रखते हुए बकरीद को भी आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं।

उन्होंने खासतौर पर युवाओं से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट से दूर रहें और अगर कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दें।

आमिर सुहेल ने यह भी बताया कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने सभी से नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। अंत में उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली और अमन लेकर आए।