Chakradharpur–सोनुआ मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना मनोज गैरेज के समीप हुई, जहां पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान ओबन बोदरा (22), निवासी कोटुवां पदमपुर के रूप में हुई है, जबकि 20 वर्षीय दर्शन बोदरा गंभीर रूप से घायल हो गया।


जानकारी के अनुसार दोनों युवक लौदिया गांव से अपने निजी कार्य से लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे सोनुआ रोड पर पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओबन बोदरा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शन बोदरा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए MGM Hospital रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन एवं चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद कोटुवां पदमपुर गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

