जमशेदपुर/पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। कोवाली थाना क्षेत्र की नारदा पंचायत में 12 वर्षीय अनीता सरदार की तेज बुखार के बाद मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि मामला मलेरिया से जुड़ा हो सकता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। घटना के बाद पूरे इलाके में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।


घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच शुरू की। साथ ही संभावित मलेरिया संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जांच के दौरान मृत बच्ची के पांच वर्षीय भाई अजय सरदार को भी तेज बुखार से पीड़ित पाया गया। शुरुआत में परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समझाकर बच्चे को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, कंपकंपी या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई दें तो इलाज में देरी न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराएं। विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

