जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के मघागोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 452 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में मघागोड़ा थाना कांड संख्या 31/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली थी कि सियासपुर गांव के पास पुरानी माइंस रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा बेचने और उसकी ढुलाई कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक के मार्गदर्शन में डीएसपी रोहित कुमार राजवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान सियासपुर गांव के समीप जेएच05डीके-6337 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके पास रखे काले प्लास्टिक के पैकेट से लगभग 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागेन भक्त (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुभाष भक्त, निवासी ग्राम सियासपुर, थाना मघागोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में डीएसपी रोहित कुमार राजवार, मघागोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, एएसआई मो. मुस्ताक अंसारी समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

