सलगाझुरी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आई महिला की हुई पहचान, मानसिक बीमारी का चल रहा था इलाज

Spread the love

जमशेदपुर: परसूडीह थाना क्षेत्र के सलगाझुरी रेलवे फाटक के पास बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से मृत महिला की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान रूमा ओझा के रूप में हुई है, जो सोनारी खुटाडीह ईस्ट मस्जिद रोड की रहने वाली थीं। वह श्रीराम स्वीट्स के संचालक पार्थो ओझा की पत्नी थीं।

परिजनों के अनुसार, रूमा ओझा दो बच्चों की मां थीं और पिछले कुछ समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं। उनका इलाज भी चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सलगाझुरी फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन की टक्कर से उनका शव दो हिस्सों में बंट गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी।

गुरुवार को परिजन घटनास्थल पहुंचे और महिला की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।