जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक के पास बुधवार देर रात एक कंक्रीट मिक्सर मशीन सड़क पर पलट गई। मुख्य सड़क पर भारी मशीन पलट जाने से गुरुवार सुबह यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में एक मकान की ढलाई का कार्य पूरा होने के बाद कंक्रीट मिक्सर मशीन को ट्रैक्टर के माध्यम से वापस ले जाया जा रहा था। इसी दौरान चांदनी चौक के पास सड़क किनारे अधिक ढलान होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और मिक्सर मशीन सड़क पर पलट गई।
घटना के समय राहत की बात यह रही कि मकान की ढलाई का काम पहले ही पूरा हो चुका था और सभी मजदूर वहां से जा चुके थे। इसलिए हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुबह व्यस्त समय में सड़क के बीचों-बीच भारी मशीन पलटी रहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद संबंधित ठेकेदार मशीन को सड़क पर ही छोड़कर चला गया। समय पर मशीन नहीं हटाए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर पड़ी मशीन को जल्द हटाया जाए, ताकि यातायात सामान्य हो सके। साथ ही लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।

