जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित केनरा बैंक शाखा से एटीएम के माध्यम से नकद जमा करने के बाद राशि खाते में नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। ग्राहक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिकायत करने के बावजूद कई दिनों तक समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें लगातार बैंक के चक्कर लगाने पड़े।


परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे रजनी भूमि के पुत्र ने केनरा बैंक के एटीएम के माध्यम से अपने खाते में नकद राशि जमा की थी। कुछ समय बाद खाते की जांच करने पर जमा की गई राशि दिखाई नहीं दी। इसके बाद बैंक में शिकायत दर्ज कराते हुए लिखित आवेदन भी दिया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद कई दिनों तक केवल आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन राशि खाते में जमा नहीं हुई। बुधवार को परिजन अन्य लोगों के साथ बैंक पहुंचे और जल्द समाधान की मांग की। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने संबंधित तकनीकी टीम को बुलाकर एटीएम की जांच शुरू कराई।
बैंक की ओर से आश्वासन दिया गया कि यदि जांच में एटीएम मशीन में राशि फंसी हुई पाई जाती है, तो नियमानुसार उसे ग्राहक के खाते में वापस जमा कर दिया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने सवाल उठाया कि शिकायत मिलते ही एटीएम की जांच क्यों नहीं कराई गई। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा।
समाचार लिखे जाने तक राशि ग्राहक के खाते में वापस आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। मामले में बैंक की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

