रांची: श्रावणी मेले के दौरान भगवान शिव के दर्शन के लिए महादेवशाल मंदिर पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को इस वर्ष बड़ी राहत मिलने जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने महादेवशाल (MXW) रेलवे स्टेशन पर 22 जोड़ी यात्री ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है। यह विशेष व्यवस्था 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।


दक्षिण पूर्व रेलवे के अनुसार, श्रावण मास में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु महादेवशाल मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद चयनित ट्रेनों को महादेवशाल स्टेशन पर दो-दो मिनट के लिए अस्थायी रूप से रोका जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा हो सके।
रेलवे के इस निर्णय से झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। वे सीधे महादेवशाल स्टेशन पर उतरकर मंदिर पहुंच सकेंगे।
अस्थायी ठहराव पाने वाली प्रमुख ट्रेनों में बीएमपीआर–राउरकेला वीकली एक्सप्रेस, दानापुर–दुर्ग एक्सप्रेस, हावड़ा–टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस, पुरी–यशवंतपुर एक्सप्रेस, हावड़ा–जगदलपुर संबलेश्वरी एक्सप्रेस, टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस, टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस सहित कई मेमू ट्रेनें शामिल हैं। सभी ट्रेनों का महादेवशाल स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव रहेगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें, स्टेशन और ट्रेन में रेलवे कर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा में सहयोग करें।

