गिरिडीह: गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कोलडीहा में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कोलडीहा निवासी पप्पू खान की पत्नी रिफत परवीन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


परिजनों के अनुसार, रिफत परवीन रात में घर से जरूरी सामान खरीदने के लिए निकली थीं। इसी दौरान गिरिडीह बाजार से पलगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रिफत परवीन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के आरोपी बाइक चालक, जो पलगंज का रहने वाला बताया जा रहा है, को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

