रांची: झारखंड सरकार ने सचिवालय सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 89 शाखा पदाधिकारियों एवं सहायक शाखा पदाधिकारियों का तबादला किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय विभागीय स्थापना समिति की 30 जुलाई को हुई बैठक में की गई अनुशंसाओं के आधार पर लिया गया है। आदेश जारी होते ही इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार विभिन्न विभागों और कार्यालयों में कार्यरत 89 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
सरकार का कहना है कि इस प्रशासनिक बदलाव का उद्देश्य विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु बनाना है। नई तैनाती से विभिन्न विभागों में कार्यों के बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
विभाग ने सभी अधिकारियों से निर्देशों का पालन करते हुए समय पर योगदान देने को कहा है। इस व्यापक तबादला आदेश के बाद कई विभागों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है।

