गिरिडीह में 60 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की पीट-पीटकर हत्या, जमीन विवाद की आशंका

Spread the love

गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बासगोहरा गांव निवासी वासुदेव मंडल के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह बरकीबेर्गी पंचायत के जन्मबेड़ा गांव के समीप उनका शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार वासुदेव मंडल पेशे से ट्रैक्टर चालक थे। वे प्रतिदिन सुबह करीब तीन बजे बाइक से घर से निकलकर खेतों में ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। मंगलवार को भी वह रोज की तरह घर से निकले थे, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच परिजनों को जन्मबेड़ा गांव के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान वासुदेव मंडल के रूप में की।

परिजनों का आरोप है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है। शव पर सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु या डंडे से हमला कर उनकी हत्या की गई।

मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे पुराने जमीन विवाद की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मृतक के मोबाइल, संपर्कों और आवाजाही की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। वहीं परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।