गिरिडीह: गिरिडीह नगर निगम के नवपदस्थापित नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ अपनी अलग कार्यशैली और सहज व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। आम लोगों और कर्मचारियों के बीच रहकर काम करने की उनकी शैली ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली की एक नई मिसाल पेश की है।


मंगलवार सुबह नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ मॉर्निंग वॉक के दौरान ही हाफ पैंट और नंगे पैर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने किसी औपचारिकता का इंतजार नहीं किया और मुख्य द्वार की सीढ़ियों पर बैठकर निगम के कार्यों का जायजा लेना शुरू कर दिया। नगर आयुक्त को इस अंदाज में देखकर सफाईकर्मी और अन्य कर्मचारी पहले हैरान रह गए, लेकिन बाद में माहौल सामान्य हो गया।
करीब दो घंटे तक उन्होंने कर्मचारियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और सफाई व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बिना वर्दी के कार्य कर रहे कर्मियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। साथ ही स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई के सही तरीके भी बताए। नगर आयुक्त ने उपस्थिति पंजी की जांच की और अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यालय एक परिवार की तरह है और लोगों के बीच रहकर ही उनकी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है। उन्होंने मुहर्रम को लेकर चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान की समीक्षा की तथा शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
नगर आयुक्त की इस अनोखी कार्यशैली की शहरभर में चर्चा हो रही है और लोग इसे जनसरोकारों से जुड़ा सकारात्मक संदेश मान रहे हैं।

