तीन दिनों से लापता युवक का शव जंगल में मिला, इलाके में सनसनी

Spread the love

गिरिडीह: जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के बिसवासडीह जंगल से तीन दिनों से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान ओझाडीह निवासी शिवलाल मुर्मू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में पता चला कि शिवलाल मुर्मू (पिता- जादू मुर्मू) पिछले तीन दिनों से घर से लापता थे। परिजनों के अनुसार शिवलाल मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उन्हें मिर्गी की बीमारी भी थी। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों ने बिसवासडीह जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।