मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चांडिल अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में मंगलवार को अनुमंडल सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।


बैठक में एसडीओ ने बताया कि मुहर्रम का पर्व 26 जून (शुक्रवार) को मनाया जाएगा। इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा करने से बचने की अपील की।
प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को करबला, ताजिया जुलूस मार्ग एवं आयोजन स्थलों पर पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
एसडीओ ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करते हुए मुहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाया जाए। प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

