पश्चिमी सिंहभूम में खेत की जुताई के दौरान मिला पुराना बम, पुलिस ने क्षेत्र को घेरा

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान जमीन के अंदर दबा एक पुराना बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, एक किसान अपने खेत में जुताई कर रहा था। इसी दौरान हल किसी कठोर वस्तु से टकराया। किसान ने जब मिट्टी हटाकर देखा तो उसे बम जैसी संदिग्ध विस्फोटक सामग्री दिखाई दी। संभावित खतरे को देखते हुए उसने तत्काल जुताई का काम रोक दिया और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञों की सहायता से विस्फोटक की जांच कराई जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद बम कितना पुराना है और वह खेत तक कैसे पहुंचा। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पुराने बम बरामद हुए थे, जिन्हें सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया था।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें और उससे छेड़छाड़ न करें।