राजनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन किया है. यहां अंतरराज्यीय चोर गिरोह


“कालू सरदार गैंग” का भंडाफोड़ हुआ है, जिसके दो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, उनके साथ तीन किशोर निरुद्ध (नाबालिग) भी शामिल हैं. बता दें कि पिछले कई महीने से राजनगर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी हो रही थी. इन घटनाओं पर पुलिस सक्रिय हुई. जिसका परिणाम यह हुआ है कि पुलिस ने एक संगठित चोर गिरोह “कालू सरदार चोर गैंग” का उद्भेदन किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनगर थाना कांड संख्या 111/2025 दिनांक 25 दिसंबर 2025 के तहत बांकसाई स्थित मोबाइल रिपेयरिंग दुकान एवं मेडिकल दुकान से नगद रुपये, मोबाइल, ब्लूटूथ, हेडफोन आदि की चोरी की घटना दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावाँ के एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान एवं छापामारी दल का गठन किया गया. अनुसंधान के क्रम में तकनीकी साक्ष्यों एवं ठोस तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सुजित कुमार शर्मा उर्फ पुरी उर्फ कालू सरदार (34 वर्ष) एवं सागर मुंडा (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “कालू सरदार गैंग” के नाम से गिरोह बनाकर पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, खरसावाँ, पश्चिम सिंहभूम एवं पड़ोसी राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इस कांड सहित अन्य कई मामलों में चोरी किए गए सामान बरामद किए हैं. साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है.
अब तक उद्भेदित प्रमुख कांड
राजनगर, चक्रधरपुर एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों के कुल 5 मामलों का अब तक उद्भेदन किया जा चुका है. जबकि अन्य जिलों में दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
* चोरों से प्राप्त बरामद सामान-
चोरी के दो मोबाइल फोन,
नगद 3000 रुपये, चांदी के दो पायल, ताला काटने का लोहे का कटर, मोटरसाइकिल (JH05DV-5205) सहित अन्य औजार.
* आपराधिक इतिहास-
मुख्य आरोपी सुजित कुमार शर्मा के विरुद्ध पूर्व में 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं. जिनमें आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किए जा चुके हैं.
छापामारी दल में राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा, अनुसंधानकर्ता नंदजी राम गोंड सहित पुलिस बल एवं तकनीकी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

