पटना: राजधानी पटना के बापू सभागार में सोमवार को ‘आईवीवाई भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि बिहार सरकार इसी साल से फिल्मों को सब्सिडी देना शुरू करेगी और इसकी शुरुआत भोजपुरी फिल्मों से की जाएगी। उन्होंने कलाकारों से फिल्म सिटी के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान तय करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार इसके निर्माण में पूरा सहयोग करेगी। समारोह की थीम ‘सुरों का जश्न, सितारों के संग’ रखी गई थी।


कार्यक्रम में भोजपुरी गायक पवन सिंह ने ‘स्नेहिया लगावल बहुत बात नइखे’ और ‘तेरे नाल’ जैसे गानों पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। समारोह में रितेश पांडेय, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, मोनालिसा, मनोज तिवारी, अरविंद अकेला कल्लू, राकेश मिश्रा, गुंजन सिंह और नीलम गिरी समेत कई कलाकार शामिल हुए।
पुरस्कारों की प्रमुख श्रेणियों में पवन सिंह को ‘लहंगा से महंगा’ के लिए बेस्ट सिंगर (मेल) और शिल्पी राज को ‘बर्बादी होई’ के लिए बेस्ट सिंगर (फीमेल) का सम्मान मिला। विनय बिहारी को भिखारी ठाकुर सम्मान और निरहुआ को अपार प्राइड ऑफ भोजपुरी सम्मान दिया गया। मनोज तिवारी को ‘हां हम बिहारी हैं जी’ के लिए बिहार एंथम ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला, जबकि रितेश पांडेय को ‘हेलो कौन’ के लिए डाबर बिलियन स्टार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विजय चौहान को बेस्ट लिरिक्स और सरगम आकाश को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का पुरस्कार मिला। शिवानी सिंह, खेसारी लाल यादव, रौशन रोही, निशांत मुक्ता, सृष्टि भारती, प्रमोद प्रेमी यादव, रत्नाकर कुमार और संजय मयूख समेत कई कलाकारों व संगीत जगत से जुड़े लोगों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। चांद जी का नाम भी मेलोडियस वॉइस ऑफ भोजपुरी की श्रेणी में शामिल रहा।

