‘पति पत्नी और पंगा’ शो के लिए पवन सिंह को भी आया था फोन, मनोज तिवारी के सामने सुनाया दिलचस्प किस्सा

Spread the love

मनोरंजन: भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने खुलासा किया है कि उन्हें रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में शामिल होने के लिए फोन आया था। सोमवार को पटना में आयोजित भोजपुरी अवॉर्ड शो के दौरान भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के साथ बातचीत में उन्होंने यह दिलचस्प किस्सा साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी ने बताया कि वह सुरभि के साथ शो में जा रहे हैं। उन्होंने पवन सिंह से समर्थन मांगा। इस पर पवन सिंह ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि वह मनोज तिवारी का समर्थन करने की हैसियत नहीं रखते, क्योंकि मनोज तिवारी उनके बड़े भाई हैं। पवन सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री में मनोज तिवारी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कई कलाकारों को पहचान बनाने का अवसर मिला है।

मनोज तिवारी ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि पवन सिंह आजकल उनका फोन नहीं उठाते। उन्होंने बताया कि शो के सिलसिले में रात में पवन सिंह को फोन करने की जिम्मेदारी उन्हें मिली थी, लेकिन उनकी कॉल का जवाब नहीं मिला। इस पर पवन सिंह ने माफी मांगी और बताया कि जब शो की ओर से उन्हें फोन आया, तो उन्होंने पूछा था कि वह किसके साथ शो में जाएंगे।

पवन सिंह के मुताबिक, जब उन्हें कुछ नाम बताए गए, तो उन्होंने हाथ जोड़कर नमस्ते कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मनोज तिवारी के पैर छूकर उनके योगदान के प्रति सम्मान और आभार भी जताया। पवन सिंह ने कहा कि वरिष्ठ कलाकारों के प्रयासों से ही आज भोजपुरी कलाकारों को मंच पर सम्मान मिल रहा है। दोनों कलाकारों के बीच हुई इस बातचीत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।