नौशीन खान व हिदायतुल्लाह खान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की शिष्टाचार मुलाकात

Spread the love

 

रांची: झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने आज अपनी पत्नी जुगसलाई नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान के साथ झारखंड विधानसभा में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी तथा मुख्यमंत्री की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर हिदायतुल्लाह खान और नौशीन खान ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जुगसलाई नगर परिषद के हालिया चुनाव में शानदार जीत हासिल करने पर नौशीन खान को हृदय से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि नौशीन खान अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए जुगसलाई क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करेंगी।

वहीं मंत्री हफीजुल हसन और विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी नौशीन खान को जीत की बधाई दी।

इस मौके पर हिदायतुल्लाह खान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से जुगसलाई में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा जनकल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

नौशीन खान ने भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र को विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक सौहार्द के दृष्टिकोण से एक आदर्श क्षेत्र बनाने के लिए वे गंभीरता से कार्य करेंगी।

उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनकी पहली प्राथमिकता है और वे सभी वर्गों को साथ लेकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।