सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन 18 करोड़ रुपये की लागत वाले टाउन हॉल सह ऑडिटोरियम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आदित्यपुर नगर निगम के पार्षद सुधीर चौधरी ने निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे “टाउन हॉल खेला” करार दिया है।


पार्षद ने कहा कि जिस टाउन हॉल और ऑडिटोरियम का निर्माण आम जनता की सुविधा और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए किया जाना था, उसकी लोकेशन और निर्माण प्रक्रिया कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोप लगाया कि टाउन हॉल ऐसी जगह बनाया जा रहा है जहां पहुंचना आम लोगों के लिए जोखिम भरा है। यह निर्माण आरकेएफएल के पीछे औद्योगिक क्षेत्र में हो रहा है, जहां भारी ट्रक और डंपरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आम नागरिक इतनी दूर और खतरनाक जगह तक कैसे पहुंचेंगे। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि 18 करोड़ रुपये की इस बड़ी सरकारी योजना के स्थल पर न तो शिलापट्ट लगाया गया है, न ही संवेदक कंपनी का नाम, शिलान्यास की तिथि या योजना से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक की गई है।
सुधीर चौधरी ने कहा कि पूरी योजना को गोपनीय तरीके से तैयार किया जा रहा है, जिससे संदेह पैदा हो रहा है कि कहीं यह भवन किसी खास बिल्डर को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तो नहीं बनाया जा रहा। उन्होंने इसे आदित्यपुर नगर निगम की जनता के साथ “बहुत बड़ा खेला” बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को नगर निगम बोर्ड की बैठक में उठाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर बड़े जनआंदोलन की भी चेतावनी दी गई है।
उन्होंने कहा कि यह भवन आदित्यपुर की जनता की संपत्ति है, किसी बिल्डर की नहीं। इसका लाभ हर आम नागरिक को मिलना चाहिए। पार्षद ने याद दिलाया कि इससे पहले भी सड़क निर्माण और आवास बोर्ड के मकानों को बचाने के लिए वे संघर्ष और भूख हड़ताल कर चुके हैं, और अब टाउन हॉल के मुद्दे पर भी आंदोलन के लिए तैयार हैं।

