सरायकेला: आदित्यपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पूरे इलाके में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। बिजली नहीं रहने के कारण कई इलाकों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई और लोगों के बीच पानी के लिए हाहाकार मच गया।


मामले को लेकर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता और कार्यपालक अभियंता ने बताया कि सीतारामपुर ग्रिड की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। हालांकि बिजली कब तक बहाल होगी, इसे लेकर विभाग की ओर से कोई निश्चित समय नहीं बताया गया।
स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने से मेंटेनेंस के नाम पर हर फीडर में लगातार 6-6 घंटे का शटडाउन लिया जा रहा था। उस दौरान विभाग की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि गर्मी के मौसम में लोगों को बिजली कटौती की समस्या नहीं होगी। इसके बावजूद बार-बार लाइन में फॉल्ट आने से विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब पहले ही लंबे समय तक शटडाउन लेकर मेंटेनेंस किया गया था, तो फिर इस तरह की तकनीकी खराबियां क्यों सामने आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ बिजली काटी जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार नजर नहीं आता।

