झारखंड के सरयू टीओपी परिसर में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, प्रशासन ने सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील

Spread the love

झारखंड के सरयू में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सरयू टीओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी आशा साहू एवं टीओपी प्रभारी राजकुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सभी से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अधिकारियों ने लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से दूर रहने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की सलाह दी। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित थे।