गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में कथित फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मामले में एक युवक ने अपने ही पड़ोसी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमन सिंह, जो नामदा बस्ती ए-ब्लॉक लाइन नंबर-4 का निवासी है, ने बताया कि उसका भाई विक्की सिंह नशे और गलत संगत की ओर बढ़ रहा था। इसे लेकर उसने अपने भाई को समझाया था और पड़ोस में रहने वाले वीर सिंह उर्फ पंडित से दूरी बनाने को कहा था। अमन का आरोप है कि वीर सिंह उसके भाई को गलत रास्ते पर ले जा रहा था।
अमन के अनुसार, 25 मई को उसने वीर सिंह उर्फ पंडित से भी उसके भाई से दूरी बनाने को कहा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मंगलवार की रात आरोपी मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचा और घर के बाहर बैठी उसकी मां राज कौर पर कथित रूप से पिस्तौल से गोली चला दी।
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पुष्टि के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

