सरायकेला उपायुक्त Nitish Kumar Singh की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।


बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन और Ayushman Bharat Yojana के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु आयोजित विशेष शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र मुंडा को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं के स्टॉक एवं एक्सपायरी की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में एक्सपायर दवा मिलने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, सीएचसी सरायकेला एवं पीएचसी मंगुड़ीह में जांच के दौरान पाई गई अनियमितताओं पर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत व्यय, लाभुकों को दी गई राशि तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने वित्तीय व्यय की गहन जांच, लाभुकों का रेंडम सत्यापन और आवश्यकता के अनुसार ही दवाओं की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बायोमैट्रिक उपस्थिति में कमी पाए जाने पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उपस्थिति के आधार पर ही वेतन भुगतान किया जाए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, मरीज सुविधा, वेटिंग एरिया एवं अल्ट्रासाउंड मशीनों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिकाधिक लाभुकों का कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने, इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और Anemia Mukt Bharat अभियान को लक्ष्य आधारित तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि आमजनों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. नकुल चौधरी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

