बीते दिनों सामाजिक संस्था प्रवीण सेवा संस्थान को लेकर क्षेत्र में खड़ा हुआ विवाद अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। वार्ड संख्या 17 की पार्षद Neetu Sharma संस्था के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं और पानी चोरी के लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है।


पार्षद नीतू शर्मा ने आरोपों को निराधार और हास्यास्पद बताते हुए कहा कि प्रवीण सेवा संस्थान लंबे समय से क्षेत्र में निःशुल्क जल वितरण, एम्बुलेंस सेवा और रक्तदान शिविर जैसे जनसेवा कार्यों में सक्रिय है। यह संस्था पूर्व विधायक मलखान सिंह के अनुज स्व. प्रवीण सिंह की स्मृति में गठित बताई जाती है।
हाल ही में कुछ नेताओं और न्यूज़ पोर्टलों द्वारा संस्था को एनएनबी कंपनी से मिले पानी टैंकर को लेकर वीडियो प्रसारित कर “पानी चोरी” के आरोप लगाए गए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद ने कहा कि उनके वार्ड सहित कई क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति बनी हुई है और नगर निगम के प्रयासों के बावजूद हर घर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में संस्था द्वारा घर-घर निःशुल्क पानी पहुंचाना एक सराहनीय समाजसेवा है, न कि कोई अपराध। जमशेदपुर और आदित्यपुर में कई सामाजिक संगठन इस तरह के कार्यों में लगे हुए हैं और यह जनहित में किया जा रहा सहयोग है।
पार्षद ने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से बढ़ाया और बिना पर्याप्त जांच के खबरों को वायरल कर दिया। उन्होंने मीडिया से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि भ्रामक जानकारी से बचा जा सके।
उन्होंने अंत में कहा कि जनसरोकार से जुड़ी सकारात्मक खबरों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए और आम नागरिकों को भी अफवाहों से सतर्क रहना चाहिए।

