दो महीने बाद दर्ज हुआ मामला: रांची में युवक की आंख में मारी गोली, रोशनी गई

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र से गोलीबारी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की आंख में गोली मार दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना करीब दो महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन पीड़ित की आंख की रोशनी चली जाने के बाद मामला अब पुलिस तक पहुंचा है और प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गोसाई टोली निवासी इंदर कुमार महतो ने चुटिया थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 26 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे राजा कुमार ने उनके घर के सामने बिना किसी वजह उन पर गोली चला दी। गोली उनकी बाईं आंख में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें पहले कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल और फिर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी बाईं आंख की रोशनी चली गई।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी राजा कुमार और उसके पिता धनेश्वर महतो लगातार मामला दर्ज नहीं कराने के लिए दबाव बनाते रहे, जिसके कारण एफआईआर दर्ज कराने में देरी हुई। वहीं, पीड़ित ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी मांग की है।

मामले में चुटिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।