दुमका: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) दुमका इकाई ने संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। परिषद के नगर सह मंत्री आदित्य जोशी ने बताया कि जिले में अवैध पेड़ कटाई, अवैध बालू उठाव, अवैध खनन और अन्य गंभीर समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।


परिषद ने आरोप लगाया कि एक ओर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम पेड़ों की कटाई जारी है। मसानजोर क्षेत्र में बने कॉटेज और अन्य निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच तथा टू-टाना क्षेत्र में पार्क की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सरैयाहाट और जरमुंडी क्षेत्रों में अवैध लकड़ी मिल संचालित हो रही हैं, जबकि प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा रामेश्वर नदी सहित कई क्षेत्रों में ट्रैक्टरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध बालू उठाव का आरोप लगाया गया है, जिससे पर्यावरण और कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
परिषद ने खनन गतिविधियों की निष्पक्ष जांच, राजस्व की विस्तृत रिपोर्ट, खनन की सीमा और गहराई की जांच, तथा पर्यावरण प्रभाव का आकलन करने की मांग की है। साथ ही गोपीकांदर प्रखंड में संचालित क्रशर और पत्थर खदानों की संख्या, उनकी वैधता, लीज और पर्यावरण स्वीकृति की जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
अंत में परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक अभिषेक गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

