दुमका : उपराजधानी दुमका रेलवे स्टेशन परिसर में बने कोयला डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या एवं पूर्व मेयर आशा लकड़ा को ज्ञापन सौंपा गया। पिछले पांच वर्षों से इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे रवि शंकर मंडल ने बताया कि घनी आबादी के बीच स्थित इस यार्ड को डब्ल्यू पी डी सी एल और उसकी सहयोगी बीजीआर कंपनी द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए संचालित किया जा रहा है, जिससे आसपास रहने वाले हजारों लोगों और नजदीकी शिक्षण संस्थानों के छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेल मंत्री सहित केंद्र सरकार के विभिन्न स्तरों पर भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मंडल ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों और अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने महिला आयोग से हस्तक्षेप कर यार्ड को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।



