सीएम हेमंत सोरेन का औचक निरीक्षण, रांची की ट्रैफिक व्यवस्था देख हुए नाराज

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में उस वक्त प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई जब Hemant Soren बिना किसी पूर्व सूचना और वीवीआईपी काफिले के आम नागरिक की तरह शहर की सड़कों पर निकल पड़े। उनका उद्देश्य यातायात व्यवस्था की जमीनी हकीकत को खुद देखना था।

मुख्यमंत्री अपने कांके रोड स्थित आवास से निकलकर शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण करते हुए कांटाटोली चौक पहुंचे। यहां की स्थिति देखकर वे असंतुष्ट नजर आए। लंबे जाम, अव्यवस्थित ट्रैफिक और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों ने उनकी नाराजगी बढ़ा दी।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री वाहन से उतरकर खुद हालात का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ट्रैफिक कर्मियों से जवाब-तलब किया और स्पष्ट कहा कि आम लोगों को रोजाना जाम से जूझना किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई, ट्रैफिक जाम कम करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सड़कों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे आम लोगों का समय और ऊर्जा दोनों बचें।

मुख्यमंत्री के अचानक निरीक्षण की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। कई अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी।