झारखंड के बोकारो जिले में शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-12 मोड़ स्थित एक शराब दुकान में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, चोरों ने पुलिस गश्त खत्म होने के तुरंत बाद दुकान को निशाना बनाया और कैश व शराब के बॉक्स लेकर फरार हो गए।


घटना को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर प्रवेश कर बैग में रखे लगभग 50 से 60 हजार रुपये नकद लेकर भागने में सफलता पाई।
दुकान संचालक के अनुसार, नकदी के अलावा शराब की भी चोरी हुई है, हालांकि फिलहाल स्टॉक का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्पष्ट होगा कि कितने क्रेट शराब चोरी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त के बावजूद ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

