राहत सामग्री चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास गिरफ्तार

Spread the love

कोलकाता :राहत सामग्री के कथित गबन और अनियमित भंडारण से जुड़े मामले में पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उज्ज्वल विश्वास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आरोप है कि सार्वजनिक वितरण के लिए रखी गई सरकारी तिरपालों को उनके आवास पर जमा किया गया था। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई और विरोध प्रदर्शन भी हुआ।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया और पूछताछ के पश्चात उज्ज्वल विश्वास को हिरासत में ले लिया। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि राहत सामग्री का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के लिए हुआ था या नहीं। दूसरी ओर, विश्वास के करीबी लोगों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि तिरपाल संबंधित अधिकारियों को लौटाई जा रही थी और किसी तरह का दुरुपयोग नहीं किया गया।

इस गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।