सरायकेला पुलिस का जनजागरूकता अभियान, बाल विवाह, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ किया जागरूक

Spread the love

सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी पंचायत तथा कांड्रा थाना क्षेत्र के हुडू ग्राम पंचायत में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध, डायन प्रथा उन्मूलन, बच्चा चोरी से जुड़ी अफवाहों की रोकथाम, साइबर अपराध से बचाव, डायल-112 आपातकालीन सेवा, नशा मुक्ति अभियान तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही सामाजिक कुरीतियों और अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को साझा नहीं करने की अपील की। विशेष रूप से बच्चा चोरी जैसी अफवाहों को लेकर सतर्क रहने और कानून को अपने हाथ में न लेने की सलाह दी गई। साथ ही समाज में फैली कुरीतियों का विरोध कर जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या आपातकालीन स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने डायल-112 आपातकालीन सेवा के महत्व और उसके उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सामाजिक बुराइयों और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण केवल जनजागरूकता और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।