सरायकेला के बंद ईंट भट्ठे में बड़ी चोरी, मशीनों के लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हसादुगरी स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, ईंट भट्ठा पिछले कुछ समय से बंद था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने देर रात भट्ठे की छत पर लगी टिन शीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया।

भट्ठे के अंदर घुसने के बाद चोरों ने ईंट निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली मशीनों के महत्वपूर्ण पुर्जे, लोहे के उपकरण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। सुबह जब कर्मचारी भट्ठे की देखरेख के लिए पहुंचे, तब छत की टिन उखड़ी हुई देखकर उन्हें चोरी की जानकारी मिली। जांच करने पर मशीनों से जुड़े कई आवश्यक उपकरण गायब पाए गए।

घटना की सूचना मिलने पर भट्ठा मालिक जाकिर हुसैन मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी हुए सामान की सूची पुलिस को सौंपी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की है।