रांची होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में तेजी, जिला प्रशासन ने जारी की ब्लॉकवार मेरिट लिस्ट

Spread the love

रांची: झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद रांची जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। जिला प्रशासन ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर ब्लॉकवार मेरिट सूची जारी कर दी है।

जारी मेरिट सूची में सभी प्रखंडों के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग कटऑफ निर्धारित की गई है। शहरी क्षेत्र के गैर-तकनीकी पुरुष वर्ग के लिए कटऑफ 27 अंक, जबकि गैर-तकनीकी महिला वर्ग के लिए 34 अंक तय किया गया है। अन्य श्रेणियों और प्रखंडों के लिए भी अलग-अलग कटऑफ जारी की गई है।

उपायुक्त सह होमगार्ड नामांकन समिति के अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि मेरिट सूची को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति होने पर अभ्यर्थी 15 दिनों के भीतर व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित आवेदन, पहचान पत्र और प्राप्ति रसीद के साथ अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित नियमों के तहत आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच में किसी भी अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत प्रमाणपत्र या जानकारी फर्जी पाए जाने पर उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी। ऐसे मामलों में प्रतीक्षा सूची में शामिल अगले अभ्यर्थी को चयन का अवसर दिया जाएगा। आपत्तियों के निपटारे के बाद चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण को आगे बढ़ाया जाएगा।