बोकारो: सेक्टर-1बी बीएसटी थाना क्षेत्र स्थित धोबी लाइन अंबेडकर नगर में नाली और सड़क को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।


स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली निर्माण और उस पर वाहनों के आवागमन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था। विरोध के दौरान विवाद बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि सामूहिक सहयोग से बनी नाली पर कुछ लोग जबरन वाहन चला रहे थे, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि सड़क पर बैठने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
घटना में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

