जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर के दीपावली ट्रेड फेयर में उमड़ रहे खरीदार, महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों को मिल रहा मंच

Spread the love

जमशेदपुर: दीपावली के त्योहार को लेकर शहर में खरीदारी का उत्साह बढ़ने लगा है। बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चैंबर भवन में आयोजित तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर को लोगों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। मेले में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। यहां हस्तनिर्मित दीये, मोमबत्तियां, सिल्वर ज्वेलरी, परिधान और सजावटी सामान सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध हैं।

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से आयोजित इस मेले का उद्देश्य महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करना है। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया और उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि यह पहल महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

ट्रेड फेयर का उद्घाटन चैंबर के पूर्व अध्यक्षों की धर्मपत्नियों शारदा केडिया, प्रभा अग्रवाल, मंजू कांवटिया, सविता संथालिया और बबीता मुनका ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, पूर्व अध्यक्ष उमेश कांवटिया और सुरेश संथालिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी तथा महासचिव पुनीत कांवटिया मौजूद रहे।

चैंबर के पदाधिकारी मेले में उपभोक्ताओं और उद्यमियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने में सहयोग कर रहे हैं। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और उद्यमियों को अपने सामान के प्रदर्शन का अवसर मिल रहा है।

आयोजकों के अनुसार, दीपावली ट्रेड फेयर 28 अक्टूबर तक चलेगा। मेले में सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक निशुल्क प्रवेश किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भरत मकानी ने दिया। मौके पर चैंबर के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।