झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम, HLL लाइफकेयर के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर जोर

Spread the love

झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भारत सरकार की अग्रणी स्वास्थ्य क्षेत्र की कंपनी HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना विकास को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।

बैठक में अस्पताल भवन निर्माण, परियोजना निगरानी, चिकित्सा उपकरणों की खरीद, अस्पताल संचालन, चिकित्सा प्रशिक्षण और सिमुलेशन सेंटर की स्थापना जैसी सेवाओं पर चर्चा की गई। HLL ने देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना विकास, PPP मॉडल पर अस्पताल संचालन और प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन में अपने अनुभव साझा किए।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल निर्माण परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए HLL जैसी विशेषज्ञ एजेंसी को प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग कंसल्टेंट (PMC) के रूप में नियुक्त करने की संभावनाओं पर विचार किया। साथ ही नए अस्पतालों के निर्माण, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों के प्रशिक्षण तथा ट्रेनिंग-कम-सिमुलेशन सेंटर स्थापित करने पर जोर दिया गया।

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने राज्य में परियोजना निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) को ट्रॉमा सेंटर के साथ पूर्ण स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए HLL को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

बैठक में सदर अस्पतालों को छोड़कर अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत संचालित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। HLL लाइफकेयर लिमिटेड को सात दिनों के भीतर स्वास्थ्य विभाग को विस्तृत प्रस्ताव सौंपने का निर्देश दिया गया, जिसके बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला सहित HLL लाइफकेयर लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहे।