जामताड़ा चौकीदार भर्ती अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर डीसी को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

जामताड़ा जिले में चौकीदार भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से सफल अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को अभ्यर्थियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की।

अभ्यर्थियों ने बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चौकीदार भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। लिखित परीक्षा 27 अप्रैल 2025 को आयोजित की गई, जबकि शारीरिक परीक्षा और दौड़ प्रतियोगिता 14 और 15 मई को संपन्न हुई। इसके बाद 19 और 20 मई को माप-तौल की प्रक्रिया पूरी की गई तथा 21 मई 2025 को अंतिम मेधा सूची भी जारी कर दी गई।

सफल अभ्यर्थियों में दयामय दास, एंथनी किस्कू, जीवन कृष्ण सिंह, अख्तर हसन, बीरबल सोरेन, दिव्या कुमारी समेत अन्य ने बताया कि अंतिम मेधा सूची जारी होने के काफी समय बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। जबकि राज्य के कई अन्य जिलों में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित मामला उच्च न्यायालय में लंबित था, लेकिन लगभग दो महीने पहले स्थगन आदेश समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद नियुक्ति नहीं होने से उन्हें मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने अन्य जिलों की तर्ज पर जामताड़ा में भी जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके।