सरायकेला प्रशासन का राजस्व वृद्धि पर फोकस, अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले में आंतरिक संसाधनों को बढ़ाने और राजस्व संग्रहण को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व संग्रहण लक्ष्यों की समीक्षा की गई और सभी विभागों को नए राजस्व स्रोतों की तलाश कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया।

अपर उपायुक्त ने कहा कि राज्य और जिले के विकास कार्यों के लिए आंतरिक संसाधनों में वृद्धि आवश्यक है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करें और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

नगर निकायों की समीक्षा के दौरान विज्ञापन से होने वाली आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध स्थलों को चिन्हित कर विज्ञापन के दायरे का विस्तार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अन्य संभावित राजस्व स्रोतों की पहचान कर आय बढ़ाने के प्रयास करने को कहा गया। परिवहन विभाग को अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाने तथा लाइसेंसधारी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण कर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री रोकने का निर्देश दिया गया। वहीं, विद्युत विभाग को बिजली चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए वसूली अभियान तेज करने और वैध बिजली कनेक्शन को बढ़ावा देने को कहा गया।

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ नियमित निगरानी और जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने सभी विभागों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, कर एवं शुल्क संग्रहण की मासिक समीक्षा तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व संग्रहण और संसाधन सुदृढ़ीकरण में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।