सरायकेला। सरायकेला-खरसावां पुलिस की महत्वाकांक्षी “प्रोजेक्ट मिलाप” के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। सिनी ओपी क्षेत्र से लापता हुए 57 वर्षीय लालबाबू मुखी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। इस सफलता के बाद परिजनों ने सरायकेला पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिनी स्थित आरपीएफ कॉलोनी निवासी लालबाबू मुखी 9 जून को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने सिनी ओपी में उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर प्रोजेक्ट मिलाप के तहत तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया।
सिनी ओपी पुलिस और तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न इनपुट के आधार पर लालबाबू मुखी की लोकेशन पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया। अपने सदस्य के सुरक्षित वापस लौटने से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना की।
सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट मिलाप के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। सूचना मिलते ही आधुनिक तकनीक, स्थानीय नेटवर्क और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से खोज अभियान चलाया जाता है, जिससे कम समय में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सरायकेला पुलिस का प्रोजेक्ट मिलाप अब तक दर्जनों बिछड़े और लापता लोगों को उनके परिवारों से मिलाने में सफल रहा है। पुलिस की यह मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई आम लोगों के बीच विश्वास को लगातार मजबूत कर रही है।

