गिरिडीह में नशे में धुत युवक 33 हजार केवी बिजली टावर पर चढ़ा, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

Spread the love

गिरिडीह। गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत खावा पंचायत के परैयाना गांव में गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 40 वर्षीय पंकज मिश्रा नशे की हालत में 33 हजार केवी क्षमता वाले बिजली टावर पर चढ़ गया। बताया गया कि युवक बिजली आपूर्ति चालू रहने के दौरान करीब 70 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया। युवक को टावर पर चढ़ता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही खावा पंचायत के मुखिया मोहन मंडल ने पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस की गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, नशे की हालत में होने के कारण युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर पर चढ़ने के बाद युवक अजीब हरकतें कर रहा था और लगातार शराब की मांग कर रहा था। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भीड़ बढ़ती गई और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ समय बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा और सुरक्षित जमीन पर पहुंच गया।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और लगातार शराब की मांग कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, चालू 33 हजार केवी बिजली टावर पर चढ़ना बेहद जोखिम भरा था और जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की तत्परता, संयम और लगातार निगरानी के कारण युवक की जान बच सकी। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।