NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, 20 जून को होगा मॉक ड्रिल

Spread the love

रांची: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए झारखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के निर्देश पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

परीक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की प्रशासनिक तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

10 जून को NTA के महानिदेशक की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समन्वय बैठक में परीक्षा संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए थे। राज्य सरकार अब इन निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा कर रही है ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सरकार ने जिला प्रशासन को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर आधारभूत संरचना, सुरक्षा प्रबंध और अन्य सुविधाओं का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा।

परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

चूंकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा, इसलिए विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि योग दिवस से जुड़े किसी भी कार्यक्रम का प्रभाव परीक्षार्थियों की आवाजाही या परीक्षा संचालन पर नहीं पड़ना चाहिए।

परीक्षा से एक दिन पहले, यानी 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य सुरक्षा और स्क्रीनिंग व्यवस्था की जांच कर संभावित कमियों को दूर करना तथा परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है।