चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी अमित रेणु ने की, जिसमें जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।


बैठक के दौरान एसपी ने जिले में चल रहे अवैध नशा कारोबार पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफीम, पोस्ता, डोडा और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए तथा नियमित छापेमारी और खुफिया निगरानी को और मजबूत किया जाए।
सारंडा क्षेत्र सहित नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसपी ने सुरक्षा बलों को संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान तेज करने और ग्रामीण इलाकों में सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उग्रवाद से जुड़े तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए।
बैठक में विभिन्न थानों और अदालतों में लंबित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने पुराने मामलों की जांच में तेजी लाकर कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की ताकि अपराध नियंत्रण और जन सुरक्षा को और प्रभावी बनाया जा सके।

